रविवार, 13 सितंबर 2026हिन्दी · English
INDIAN POTATO
बीज प्रणाली

FC5 आलू क्या है — लेज़ चिप्स वाली किस्म की पूरी जानकारी

FC5 (काग़ज़ों में FL 2027) चिप्स बनाने के लिए बनी आलू किस्म है, जिससे भारत में लेज़ चिप्स बनते हैं। इसमें 16.8% से 17.5% तक ठोस पदार्थ होता है, यानी स्पेसिफिक ग्रैविटी क़रीब 1.080–1.084, और यह 110–120 दिन में तैयार होती है।

देवेंद्र कुमार झा · 13 सितंबर 2026 · 6 मिनट
FC5 आलू किस्म (FL 2027) — हल्के पीले छिलके वाले गोल कंद, एक कटा हुआ कंद जिसमें हल्का पीला गूदा दिखता है
ENअंग्रेज़ी में भी उपलब्ध — पढ़ें

भारत में ज़्यादातर लोगों ने FC5 खाया है, देखा कभी नहीं। यह वही आलू है जिससे लेज़ चिप्स बनते हैं — काग़ज़ों में इसका नाम FL 2027 है। तो पहले आलू की ही बात करते हैं: दिखता कैसा है, देता कितना है, और अच्छा किस काम में है।

किस काम के लिए बनाई गई

हर आलू किसी न किसी काम में अच्छा और किसी में कमज़ोर होता है। FC5 उन तीन बातों के इर्द-गिर्द बनाई गई, जिनकी चिंता चिप्स फ़ैक्ट्री को रहती है।

चिप सुनहरा निकले, भूरा नहीं। हर आलू में थोड़ी शक्कर होती है, और शक्कर गरम तेल में जलती है। शक्कर कम रहे, तभी चिप का रंग एक-सा सुनहरा आता है।

मार्च में भी सुनहरा निकले। असली मुश्किल यही है। फ़ैक्ट्री साल में तीन हफ़्ते नहीं चल सकती, इसलिए आलू महीनों कोल्ड स्टोर में रहता है। पर ठंड धीरे-धीरे आलू के अंदर के स्टार्च को शक्कर में बदल देती है। जो आलू जनवरी में बढ़िया तला, वही मई में भूरा निकल सकता है। FC5 इसीलिए चुनी गई कि भंडारण के बाद भी रंग बना रहे।

अंदर पोलापन न आए। कुछ आलुओं में बढ़ते समय अंदर खोखली जगह बन जाती है, जो बाहर से दिखती नहीं — स्लाइसर काटता है तब पता चलता है। FC5 अंदर से ठोस रहने के लिए चुनी गई।

ठोस पदार्थ — जो पानी नहीं है
16.8–17.5%
चिप्स फ़ैक्ट्री असल में इसी का पैसा देती है। ठोस ज़्यादा यानी तलते समय पानी कम उड़ाना पड़ेगा, तेल कम लगेगा, और हर टन से चिप्स ज़्यादा निकलेंगे।

कुल मिलाकर: साफ़ छिलका, अंदर भरपूर स्टार्च, और शक्कर अपनी जगह टिकी हुई। इसकी हर ख़ूबी कड़ाही के हिसाब से है, रसोई के हिसाब से नहीं।

देखने में कैसा है

FC5 गोल और थोड़ा चपटा आलू है। छिलका हल्का पीला, और अंदर गूदा भी हल्का पीला। आँखें पूरे कंद पर बराबर फैली रहती हैं, एक सिरे पर जमा नहीं होतीं, और गहरी नहीं होतीं। यह बात सुनने में छोटी लगती है पर है बड़ी — छिलाई मशीन हर आँख खोदकर निकालती है, तो उथली आँखों का मतलब है कचरे में कम आलू।

एक औसत कंद क़रीब 7 सेंटीमीटर लंबा, 5 सेंटीमीटर चौड़ा और 3 सेंटीमीटर मोटा होता है, जिस पर दस-ग्यारह आँखें रहती हैं।

क्या देखेंक्या दिखना चाहिए
छिलकाहल्का पीला, चिकना से हल्का खुरदरा
गूदाहल्का पीला
आकारगोल और थोड़ा चपटा — लंबा या अंडाकार नहीं
आँखेंक़रीब 10–11, बराबर फैली, गहरी नहीं
नापक़रीब 7 × 5 × 3 सेंटीमीटर
फूलपाँच कोनों वाला, अंदर सफ़ेद, पीछे बैंगनी जो जल्दी उड़ जाता है
अंकुरगोल सिरे वाले, हल्के नीले-बैंगनी
पौधाअधखड़ा, मध्यम हरा, ज़मीन से क़रीब 30–45° झुका

FC5 में फूल आते हैं, पर असली बीज बहुत कम बनता है। यह किस्म कंद से कंद आगे बढ़ती है — यानी दुनिया में कहीं भी खड़ा FC5 का हर पौधा एक कंद से आया है, वह कंद किसी और कंद से, और यह सिलसिला 1995 के उसी एक पौधे तक जाता है।

ठोस पदार्थ और स्पेसिफिक ग्रैविटी

आलू ज़्यादातर पानी है। पानी निकल जाने पर जो बचता है — मुख्यतः स्टार्च — उसे ठोस पदार्थ कहते हैं। चिप्स फ़ैक्ट्री असल में इसी का पैसा देती है।

पर बाज़ार और लैब में कोई "ठोस पदार्थ" नहीं कहता, सब स्पेसिफिक ग्रैविटी कहते हैं। इसका मतलब बस इतना है कि आलू अपने आकार के हिसाब से कितना भारी है। स्टार्च वाला आलू उतने ही आकार के पनीले आलू से भारी होता है — दोनों को नमक के पानी में डालिए, स्टार्च वाला नीचे बैठेगा। फ़ैक्ट्री के गेट पर यही जाँच रोज़ होती है।

1.0801
16.8% ठोस पर
1.0829
17.3% ठोस पर
1.0840
17.5% ठोस पर

दोनों को जोड़ने वाला हिसाब तय है: ठोस = (178.093 × स्पेसिफिक ग्रैविटी) − 175.560। इसे उलटकर FC5 के आँकड़े डालने पर ऊपर वाले नंबर निकलते हैं।

यानी FC5 क़रीब 1.080 से 1.084 पर बैठता है — चिप्स लाइन को जो चाहिए, ठीक उसी दायरे में। पर इसकी असली ताक़त तराज़ू की पकड़ से बाहर है: पूरी सर्दी कोल्ड स्टोर में बिताने के बाद भी मार्च में सुनहरा तलना।

खेत में कितना देता है

2001 में तीन जगह इसका परीक्षण हुआ — दो विस्कॉन्सिन में, एक नेब्रास्का में। नंबर पढ़ने से पहले दो बातें ध्यान रखिए: ये पच्चीस साल पुराने हैं, और मार्च में बोए गए अमेरिकी खेतों के हैं। पंजाब या गुजरात में वही आँकड़े मानकर मत चलिए।

परीक्षण, 2001ठोसकुल उपजबिकने लायक़ उपजकटाई पर पौधा
विस्कॉन्सिन, अगेती बुवाई17.3%28.9 टन/हे.19.8 टन/हे.5 में से 4 — अब भी हरा
विस्कॉन्सिन, मध्यम बुवाई17.5%36.0 टन/हे.33.2 टन/हे.5 में से 3
नेब्रास्का16.8%32.2 टन/हे.25.4 टन/हे.5 में से 3

बिकने लायक़ उपज में सिर्फ़ वही कंद गिने गए जो 5 से 10 सेंटीमीटर के बीच थे, क्योंकि फ़ैक्ट्री इसी नाप का आलू लेती है। पौधे का स्कोर 1 से 5 तक चलता है — 1 यानी पौधा सूख चुका, 5 यानी कटाई के समय भी हरा और फूलों वाला।

कुल उपज 29 से 36 टन प्रति हेक्टेयर के बीच रही। अब आख़िरी दो कॉलम मिलाकर देखिए। अगेती बुवाई में क़रीब दो-तिहाई फ़सल फ़ैक्ट्री की नाप में आई। मध्यम बुवाई में लगभग पूरी — 36 में से 33 टन।

बुवाई की तारीख़ का असर
19.8 → 33.2 टन
वही आलू, वही इलाक़ा, वही साल — और किसान जितना बेच सकता था वह इतना बदल गया। फ़र्क़ किस्म का नहीं था, बुवाई की तारीख़ का था।

भारत में FC5

FC5 भारत में पेप्सिको उगवाती है, जिसने इस किस्म को यहाँ पंजीकृत कराया और फरवरी 2016 में उसका प्रमाणपत्र मिला। यह पंजीकृत किस्म है, इसलिए ऐसा आलू नहीं जो किसान बीज की दुकान से उठा लाए।

यह खेत तक उसी रास्ते पहुँचती है जिस रास्ते ज़्यादातर प्रसंस्करण आलू पहुँचते हैं — अनुबंध से। कंपनी बीज देती है, किसान तय मानक पर फ़सल उगाता है, और कंपनी उसे वापस ख़रीद लेती है। ऐसी ख़ास किस्म उगाना इसी वजह से फ़ायदे का सौदा बनता है: कड़ाही के लिए बने आलू को सीज़न के दूसरे सिरे पर एक कड़ाही चाहिए, और वह अनुबंध से ही पक्की होती है।

किसान के लिए सीधी बात यही है। FC5 खुले बाज़ार की किस्म नहीं है और न ही ऐसी बनाई गई थी। इसे उगाना है तो रास्ता कंपनी के साथ अनुबंध है। और अगर ऐसा चिप्स वाला आलू चाहिए जिसका बीज ख़रीदकर फ़सल कहीं भी बेची जा सके, तो उसके लिए भारत की अपनी प्रसंस्करण किस्में हैं — और अब कई हैं।

चिप्स के कारोबार और मशीनों की पूरी जानकारी के लिए आलू चिप्स फ़ैक्ट्री कैसे खोलें देखें, और बीज प्रणाली श्रेणी में बीज आलू से जुड़ी बाक़ी रिपोर्टें पढ़ें। आलू की खेती की बुनियादी बातों के लिए आलू की खेती कैसे करें पढ़ें।

साथी किसानों और व्यापारियों से जुड़ेंव्हाट्सऐप ग्रुप पर आलू भाव, मौसम और बाज़ार पर खुलकर चर्चा करें।
ग्रुप जॉइन करें →

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

FC5 आलू क्या है?
FC5 चिप्स बनाने के लिए तैयार की गई आलू किस्म है, जिसका औपचारिक नाम FL 2027 है। इसे अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य में रॉबर्ट डब्ल्यू. हूप्स ने 1995 में चुने गए एक ही पौधे से विकसित किया था। भारत में इसी किस्म से लेज़ ब्रांड के आलू चिप्स बनते हैं।
FC5 में कितना ठोस पदार्थ होता है?
परीक्षणों में 16.8% से 17.5% तक। आलू का बाक़ी हिस्सा पानी होता है। ठोस पदार्थ जितना ज़्यादा होगा, तलते समय उतना ही कम पानी उड़ाना पड़ेगा, तेल कम लगेगा और हर टन आलू से चिप्स ज़्यादा निकलेंगे।
FC5 की स्पेसिफिक ग्रैविटी कितनी है?
लगभग 1.080 से 1.084। ठोस पदार्थ और स्पेसिफिक ग्रैविटी एक तय हिसाब से जुड़े हैं — ठोस = (178.093 × स्पेसिफिक ग्रैविटी) − 175.560। इसी हिसाब से 16.8% पर 1.0801, 17.3% पर 1.0829 और 17.5% पर 1.0840 निकलता है।
FC5 कितने दिन में तैयार होती है?
बुवाई से लेकर पौधा सूखने तक क़रीब 110 से 120 दिन, यानी यह अगेती से मध्यम अवधि की किस्म है। यह आँकड़ा अमेरिका में मार्च की बुवाई का है; भारत में बुवाई का समय, इलाक़ा और सिंचाई मिलकर यह अवधि बदल देते हैं।
FC5 मंडी में क्यों नहीं मिलती?
क्योंकि यह घर की रसोई के लिए बनी ही नहीं है। यह पूरी तरह तलने के लिए तैयार की गई किस्म है और साधारण आलू से पकने में ज़्यादा समय लेती है। भारत में यह पंजीकृत किस्म है और कंपनी के साथ अनुबंध पर उगाई जाती है।
FC5FL 2027आलू की किस्मेंप्रसंस्करण आलूचिप्स वाला आलूबीज आलू
लेखक के बारे में
देवेंद्र कुमार झा
देवेंद्र कुमार झा
आलू उद्योग इंटेलिजेंस विशेषज्ञ

इंडियन पोटैटो के संस्थापक एवं निदेशक — आलू पर भरोसेमंद जानकारी (पोटैटो इंटेलिजेंस) और आलू से जुड़े हितधारकों का समुदाय खड़ा करने को समर्पित मंच। कृषि अभियांत्रिकी में बी.टेक; आलू के क्षेत्र के जानकार और इसके प्रति गहरा लगाव रखने वाले।

और पढ़ें

सभी बीज प्रणाली लेख →
एस्टेरिक्स आलू किस्म — लाल छिलके वाला लंबा-अंडाकार आलू, पकने पर हल्का पीला गूदाबीज प्रणालीएस्टेरिक्स आलू — पैदावार, बीज दर और भंडारण की पूरी जानकारी21 अगस्त 2026खेत से उखाड़ा गया आलू का पौधा, जिसमें एक बीज आलू से बने कंदों का गुच्छा और जड़ें दिख रही हैंबीज प्रणालीएक बीज आलू से 1 किलो नहीं, खेत में 310 ग्राम मिलता है06 अगस्त 2026Reducing Transaction Costs in Potato TradingEN · Englishहमारी अंग्रेज़ी साइटReducing Transaction Costs in Potato Tradingindianpotato.com →EN · Englishसाझेदार ज्ञानकोशAre Potatoes Good for Your Heart? Peer-Reviewed Evidencepotatopedia.com →